झारखंड: झारखंड सरकार ने राज्य की जेलों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 16.86 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। यह राशि गढ़वा के नगर उंटारी उपकारा और गुमला मंडल कारागार में आधुनिक सुरक्षा उपकरण लगाने पर खर्च की जाएगी।
नगर उंटारी के नवनिर्मित उपकारा में सुरक्षा उपकरणों पर 9.39 करोड़ खर्च किए जाएंगे। इस राशि से 324 CCTV कैमरे, एक एक्स-रे स्कैनर, दो डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर, दो हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर, मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का पता लगाने वाले नॉन-लीनियर जंक्शन डिटेक्टर लगाए जाएंगे।
वहीं, गुमला मंडल कारागार और उसके नवनिर्मित विस्तारित परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 7.47 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली है। इस राशि से 207 हाई-रिजॉल्यूशन CCTV कैमरे लगाए जाएंगे, जिससे जेल की 24 घंटे निगरानी की जा सकेगी।
सरकार ने इन उपकरणों की आपर्ति और स्थापना के साथ 2 साल की वारंटी और उसके बाद 3 साल के व्यापक वार्षिक रखरखाव अनुबंध रखरखाव (AMC) की भी व्यवस्था की है। सरकार का कहना है कि नई तकनीकों से लैस होने से जेलों में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होगी। साथ ही, अवैध गतिविधियों पर रोक लगेगी।




























