झारखंड: झारखंड में रेल कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए बड़े पैमाने पर काम चल रहा है। जयपुर (खतीपुरा)-टाटानगर-संतरागाछी एक्सप्रेस ट्रेन के शुभारंभ के अवसर पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने झारखंड के रेल विकास से जुड़े कई अहम आंकड़े साझा किए। उन्होंने बताया कि राज्य में वर्तमान में लगभग 75,000 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न रेलवे परियोजनाएं प्रगति पर हैं।
रेल मंत्री ने कहा कि झारखंड के लिए रेलवे का बजट आवंटन पहले के 450 करोड़ रुपये से बढ़ाकर अब 7,500 करोड़ रुपये कर दिया गया है, जो लगभग 16 गुना अधिक है। इस बढ़े हुए बजट के जरिए राज्य में रेल नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है।
इसके साथ ही, ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत झारखंड के 57 स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। गोड्डा, गोविंदपुर रोड, लोहरदगा, मधुपुर और मुरी समेत कई स्टेशनों पर आधुनिकीकरण का काम पूरा भी हो चुका है।
जयपुर (खतीपुरा)-टाटानगर-संतरागाछी एक्सप्रेस ट्रेन के वर्चुअली हरी झंडी दिखाने के दौरान केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने झारखंड और देश के अन्य राज्यों के बीच बेहतर रेल कनेक्टिविटी पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह नई ट्रेन सेवा राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के बीच व्यापार, शिक्षा और रोजगार के नए अवसर खोलेगी तथा प्रवासी कामगारों, व्यापारियों और छात्रों के लिए सुगम सफर सुनिश्चित करेगी।

































