रांची: रांची के गोंदा थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान प्रशांत सिंह (27 वर्ष), पिता सूचित सिंह, निवासी गांधीनगर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर की रात वारंटी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी और गश्ती के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि प्रशांत सिंह स्कूटी से मादक पदार्थ लेकर गांधी नगर की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने डैम के मुख्य गेट के पास वाहन जांच शुरू की।
इसी दौरान, एक स्कूटी सवार युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने रोककर उससे पूछताछ की। पूछताछ में युवक ने अपना नाम प्रशांत सिंह बताया. तलाशी के दौरान उसके पास से 10.45 ग्राम ब्राउन शुगर, मोबाइल मिला।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गोंदा थाना कांड संख्या 124/26 दर्ज किया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 (3) तथा एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (b) (ii) (B) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने युवक की स्कूटी भी जब्त कर ली है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार युवक का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ गोंदा थाना में वर्ष 2021 और 2023 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज होने का उल्लेख है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

































