रांची: दशहरा के अवसर पर पंजाबी हिंदू बिरादरी द्वारा रांची के मोराबादी मैदान में रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार बतौर मुख्य अतिथि इस कार्य्क्रम में शामिल हुए। इनके अलावा, रांची के सांसद और रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, विधायक सीपी सिंह और अन्य नेताओं ने विजयादशमी के जश्न में हिस्सा लिया। रावण दहन कार्यक्रम को देखने के लिए मैदान में हजारों लोग जुटे। इससे पहले आकर्षक और मनमोहक आतिशबाजी का प्रदर्शन किया गया।
इस साल पंजाबी हिंदू बिरादरी के तत्वावधान में मोरहाबादी मैदान में 70 फीट ऊंचा रावण, 65 फीट का कुंभकर्ण और 60 फीट ऊंचा मेघनाद का पुतला बनाया गया था। रावण दहन कार्यक्रम के दौरान ‘सोने की लंका’ का दहन भी खास रहा। पुतलों में आग लगते ही मैदान रोशनी से भर गया। आसमान में रंग-बिरंगी रोशनी बिखेरती आतिशबाजी आकर्षण का मुख्य केंद्र रही।
रावण दहन से पहले सांस्कृतिक कार्यक्रम, लेजर शो और आतिशबाजी हुई। हजारों श्रद्धालु दोपहर से ही मैदान में जुटने लगे थे। सांझ ढलते ही पुतला दहन किया गया।
































