आज चतरा में प्रधानमंत्री का आगमन, बीजेपी प्रत्याशियों के पक्ष में करेंगे अपील

0
254

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 11 मई को झारखंड के चतरा जिले में आ रहे हैं। नरेंद्र मोदी चतरा जिले के सिमरिया के मुरबे मैदान में 5 बजे भाजपा के हजारीबाग लोक सभा के मनीष जायसवाल के साथ साथ चतरा लोकसभा के उम्मीदवार कालीचरण सिंह के पक्ष में जनसभा को संबोधित करेंगे। इस सभा में करीब 5 लाख लोगों की भीड़ उमड़ने की संभावना है।

चुनावी सभा को लेकर विशेष तैयारी की गयी है। पीएम नरेंद्र मोदी की सभा को लेकर पूरे मैदान की बैरिकेडिंग की गयी है। मैदान में एक भव्य मंच व पंडाल का निर्माण किया गया है, जहां चतरा, हजारीबाग, पलामू, कोडरमा संसदीय क्षेत्र से काफी संख्या में लोग पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री का भाजपा के नेता हेलिपैड पर स्वागत करेंगे। तत्पश्चात सभा स्थल के लिए प्रस्थान करेंगे। प्रधानमंत्री के साथ मंच पर प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, चतरा के भाजपा प्रत्याशी कालीचरण सिंह एवं हजारीबाग के प्रत्याशी मनीष जायसवाल स्वागत करेंगे। स्वागत के पश्चात प्रधानमंत्री सभा को संबोधित करेंगे।

चतरा और हजारीबाग संसदीय क्षेत्र भाजपा का परंपरागत रहा है। चतरा में पिछले दस सालों से भाजपा का कब्जा है। वहा से भाजपा के सुनील कुमार सिंह जीते थे। वहीं हजारीबाग में 2009 से लगातार भाजपा सांसद निर्वाचित होते आए हैं। 2009 में भाजपा की टिकट से यशवंत सिन्हा निर्वाचित हुए थे। जबकि 2014 और 2019 के चुनाव में उनके पुत्र भाजपा प्रत्याशी जयंत सिन्हा जीते थे। पार्टी ने इस बार चतरा व हजारीबाग दोनों सांसदों का टिकट काट कर नए चेहरों पर भरोसा जताया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here