रांची: राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली। उन्होंने कहा गणतंत्र दिवस हम सभी के लिए अपने राष्ट्र और अपनी संप्रभुता का गौरवगान करने का दिन है। आज स्वतंत्रता सेनानियों को भी याद करने का दिन है, जिन्होंने अपने त्याग और बलिदान से हमें आजादी दिलाई और इस गौरवशाली गणतंत्र का निर्माण किया।
उन्होंने कहा कि अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए प्रगतिशील सोच के साथ विकास की राह पर आगे बढ़ना हमारा लक्ष्य जनता की सहभागिता एवं रचनात्मक सहयोग से हम झारखंड के नव-निर्माण के रास्ते में आने वाली हर चुनौती का सामना करने में सक्षम होंगे, ऐसा मेरा विश्वास है। हम सभी एक समृद्ध, खुशहाल और सशक्त झारखण्ड का निर्माण करने के लिए एकजुट होकर प्रयत्न करने का संकल्प लें।
हमारा संविधान-एक पवित्र दस्तावेज
राज्यपाल ने कहा कि भारत के लोगों ने अपना संविधान स्वयं बनाया और उसे अधिनियमित और आत्मार्पित किया। भारत के सुनहरे भविष्य की आधारशिला 26 जनवरी, 1950 को हमारे संविधान को लागू करने के साथ ही रख दी गयी थी। हमारा संविधान अतीत के अनुभवों, वर्तमान की जरूरतों और भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रख कर बनाया गया, दुनिया का सर्वश्रेष्ठ संविधान है। 76 वर्षों का यह सफर बताता है कि हम एक सफलतम् लोकतांत्रिक गणतंत्र के रूप में स्थापित हो चुके हैं। ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ की भावना से प्रेरित हमारा संविधान एक पवित्र दस्तावेज है। इसे एक ऐसे राष्ट्र के नागरिकों ने तैयार किया है जिनकी भावनाओं के मूल में विश्व- बंधुत्व और मानव कल्याण की सोच है।






























