झारखंड: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 29 जून को 1,018 शिक्षतों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। यह कार्यक्रम प्रोजेक्ट भवन सभागार में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की ओर से आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम को राज्य सरकार की रोजगार सृजन और भर्ती प्रक्रिया को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा चुने गए 1,018 सफल अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्राथमिक विद्यालयों (कक्षा 1 से 5) और मध्य विद्यालयों (कक्षा 6 से 8) में होगी। जेएसएससी से अनुशंसा मिलने के बाद इन सभी की जिला स्तर पर काउंसलिंग पहले ही पूरी की जा चुकी है।
यह पहली बार नहीं है, जब सीएम हेमंत शिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपेगे। पिछले महीने भी उन्होंने 319 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र बांटा था, जिनमें प्राथमिक विद्यालयों के 198 और मध्य विद्यालयों के 121 सहायक आचार्य शामिल थे।
अब तक 10 हजार शिक्षकों की बहाली, अभी भी हजारों पद खाली
झारखंड राज्य में कुल 26,001 पदों पर सहायक आचार्यों की नियुक्ति होनी है। अब तक लगभग 10,000 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। हालांकि, योग्य उम्मीदवारों की कमी या तकनीकी कारणों से अभी भी बड़ी संख्या में पद खाली हैं, जिन्हें भरने की प्रक्रिया जारी है।
466 अभ्यर्थी हुए शॉर्टलिस्ट-
जेएसएससी ने माध्यमिक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के तहत छह अलग-अलग विषयों में माध्यमिक आचार्य और विशेष शिक्षा आचार्य पदों के लिए 466 अभ्यर्थियों को सर्टिफिकेट वेरिफिकेशन के लिए शॉर्टलिस्ट किया है। आयोग ने बताया कि बाकी विषयों के अभ्यर्थियों की जांच भी जल्द शुरू की जाएगी।
नामकुम में 18 और 19 जून को होगी दस्तावेज जांच
शॉर्टलिस्टेड 466 अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच रांची के नामकुम स्थित जेएसएससी कार्यालय में होगी। यह प्रक्रिया 18 और 19 जून को दो अलग-अलग पालियों में आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को सभी मूल प्रमाणपत्रों के साथ समय पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है, जो अभ्यर्थी किसी अनिवार्य कारण से 18 या 19 जून को नहीं आ सकते, उन्हें 24 जून को एक और मौका दिया जाएगा। लेकिन, 24 जून के बाद कोई छूट नहीं मिलेगी और ऐसे अभ्यर्थियों का दावा रद्द माना जा सकता है।




























