रांची: आईटीआई बस स्टैंड परिसर का कायाकल्प करने की तैयारी शुरू हो गई है। यात्रियों की सुविधा के लिए यहां यात्री शेड, सार्वजनिक शौचालय, प्याऊ, पैदल पथवे और पीसीसी रोड का निर्माण किया जाएगा। साथ ही पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे और परिसर में पौधारोपण भी किया जाएगा।
शुक्रवार को आईटीआई बस स्टैंड का निरीक्षण करने पहुंचे उप प्रशासक गौतम प्रसाद साहू ने नगर निगम के पदाधिकारियों को सभी कार्यों के लिए प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा भी की। निरीक्षण के दौरान उप प्रशासक ने संबंधित जोनल सुपरवाइजर को परिसर में फैले कचरे और गंदगी को तत्काल साफ करने का आदेश दिया। वहीं संवेदक को स्थल का समतलीकरण, गड्ढों को स्टोन डस्ट से भरने और आकस्मिक जल जमाव की समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा नागरिकों की सहूलियत के लिए पूरे क्षेत्र में नियमित झाड़ू, कूड़ा उठाव, ब्लीडिंग पाउडर का छिड़काव और एंट्री प्वाइंट के पाथ-वे को दुरुस्त करने की व्यवस्था करने पर जोर दिया गया। उप प्रशासक ने बस स्टैंड परिसर में अन्य विकास कार्यों के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सहायक प्रशासक चंद्रदीप कुमार, जोनल सुपरवाइजर, बाजार शाखा की टीम और अन्य कर्मी मौजूद रहे।






























