रांची : झारखंड कैडर के आईपीएस अधिकारियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सेवा देने का सुनहरा अवसर सामने आया है। केंद्र सरकार ने राज्य के मुख्य सचिव को पत्र भेजकर संयुक्त राष्ट्र के शांति अभियान विभाग में “पब्लिक ऑर्डर एडवाइजर” के पद के लिए योग्य अधिकारियों के नाम मांगे हैं। यह प्रतिनियुक्ति इटली में एक वर्ष के लिए होगी।
इस पद के लिए झारखंड से एसपी (SP) और डीआईजी (DIG) रैंक के अधिकारियों को नामित किया जा सकता है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से यह पहल की गई है, जिसके तहत देशभर के योग्य अफसरों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर योगदान देने का मौका मिलेगा।
क्या है पद का विवरण?
पद : पब्लिक ऑर्डर एडवाइजर
स्थान : इटली
अवधि : एक वर्ष
योग्यता : अंग्रेजी और फ्रेंच भाषाओं का ज्ञान आवश्यक
रैंक : एसपी व डीआईजी
भाषाई दक्षता है अहम
संयुक्त राष्ट्र में कार्य करने के लिए अंग्रेजी और फ्रेंच भाषाओं का ज्ञान अनिवार्य किया गया है। चूंकि यह एक वैश्विक संस्था है और यहां विभिन्न देशों के प्रतिनिधि कार्य करते हैं, इसलिए प्रभावी संवाद के लिए यह शर्त आवश्यक मानी गई है।
शांति मिशन में निभाते हैं अहम भूमिका
संयुक्त राष्ट्र के शांति अभियानों में भारतीय आईपीएस अधिकारी हमेशा से सक्रिय भूमिका निभाते आए हैं। ये अधिकारी संघर्षग्रस्त क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बहाल करने, पुलिस प्रणाली को सशक्त करने और मानवीय सहायता देने जैसे कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
झारखंड के लिए यह अवसर न केवल राज्य का मान बढ़ाने वाला है, बल्कि इसके जरिए राज्य के पुलिस अधिकारियों को अंतरराष्ट्रीय अनुभव भी मिलेगा। फिलहाल, अब यह देखना दिलचस्प होगा कि झारखंड सरकार किन योग्य अधिकारियों को इस प्रतिष्ठित पद के लिए नामांकित करती है।






























