रांची: छठ महापर्व को लेकर नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी है। शहर के 73 छठ तालाबों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए करीब 400 चेंजिंग रूम बनाए जाएंगे। प्रत्येक तालाबों पर चार पांच चेंजिग रूम बनाये जायेगें. चेंजिंग रूम डबल लेयर में तैयार किए जाएंगे, ताकि व्रतियों को कपड़े बदलने में परेशानी न हो। जिन तालाबों के सामने ऊंची इमारतें हैं, वहां चेंजिंग रूम की छत को भी ढका जाएगा। निगम की ओर से तालाबों की स्थिति और आसपास की संरचनाओं को ध्यान में रखकर व्यवस्था की जा रही है।
छठ महापर्व से पहले नगर निगम तालाबों की साफ-सफाई कराने में जुटा है। छठवृतियों की सुरक्षा को लेकर भी इंतजाम किए जा रहे हैं। काली पूजा की प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए बैरिकेडिंग की गई है। लोगों को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए तालाबों में बास बली से बैरिकेडिंग की गई है। छठ महापर्व के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग, को करीब चार फीट तक लगाने की तैयारी है।


































