झारखंड का कदम, स्मार्ट हेल्थ की ओर

0
14

झारखंड: आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत राज्य में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया। चाणक्य बीएनआर होटल, रांची में AB PM-JAY और MASSY अस्पतालों के लिए ABDM इंटीग्रेशन विषय पर राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला का उद्देश्य राज्य में डिजिटल हेल्थ इकोसिस्टम को सशक्त बनाना और अस्पतालों को ABDM प्लेटफॉर्म से जोड़ने की प्रक्रिया को तेज करना था। इसमें स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, NHA के प्रतिनिधि, सिविल सर्जन, हेल्थ टेक कंपनियां और निजी व सरकारी अस्पतालों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि झारखंड ने कम समय में डिजिटल हेल्थ के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। वर्ष 2024 में 299 करोड़ रुपये की योजना के साथ शुरू हुई इस पहल ने अब राज्य को अग्रणी राज्यों की श्रेणी में ला खड़ा किया है। उन्होंने बताया कि सभी जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में HMIS लागू किया जा चुका है और निजी अस्पतालों को भी इससे जोड़ने की प्रक्रिया जारी है।

उन्होंने यह भी कहा कि राज्य और जिला स्तर पर एकीकृत डैशबोर्ड और कंट्रोल रूम बनाए जाएंगे, जिससे निगरानी और सेवा गुणवत्ता में सुधार होगा। टेली आईसीयू सेवा रिम्स, रांची को केंद्र बनाकर 4 जिला अस्पतालों में शुरू हो चुकी है और जल्द ही इसे सभी 24 जिलों तक विस्तार दिया जाएगा। वहीं, टेली रेडियोलॉजी हब के जरिए विशेषज्ञ डॉक्टर दूर से ही जांच रिपोर्ट का विश्लेषण कर रहे हैं।

NHA के सीईओ डॉ. सुनील कुमार बर्नवाल ने कहा कि डिजिटल हेल्थ मरीजों को सशक्त बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बताया कि देशभर में 96 करोड़ से अधिक स्वास्थ्य रिकॉर्ड लिंक हो चुके हैं और 87 करोड़ से ज्यादा ABHA ID बनाई जा चुकी हैं. उन्होंने अस्पतालों से ABDM सक्षम HMIS अपनाने की अपील की।

कार्यक्रम में छवि रंजन ने बताया कि राज्य में 66 लाख लोगों को आयुष्मान कार्ड का लाभ मिल रहा है और 1.30 करोड़ से अधिक केवाईसी पूरे किए जा चुके हैं। उन्होंने सभी जिलों को शत प्रतिशत केवाईसी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

राज्य मिशन निदेशक विद्यानंद पंकज शर्मा ने कहा कि डिजिटल रिकॉर्ड से मरीजों को कहीं भी और कभी भी अपने स्वास्थ्य की जानकारी आसानी से मिल सकेगी। उन्होंने जिलों को तय समय सीमा में आभा कार्ड बनाने का लक्ष्य पूरा करने को कहा। कार्यक्रम के दौरान BSNL और CDAC के साथ MoU पर हस्ताक्षर किए गए। साथ ही e-Sushrut Jharkhand Mobile App, ABDM Jharkhand की वेबसाइट और BSNL Digital Swasthya Setu App लॉन्च किए गए।

पिछले दो वर्षों में बेहतर कार्य करने वाले संस्थानों और व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया। कार्यशाला में स्वास्थ्य रिकॉर्ड लिंकिंग, NHCX और PMJAY से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने कहा कि ABDM के प्रभावी क्रियान्वयन से झारखंड में स्वास्थ्य सेवाएं अधिक सुलभ, पारदर्शी और प्रभावी बनेंगी। कार्यक्रम में विभिन्न जिलों के सिविल सर्जन, स्वास्थ्यकर्मी, तकनीकी विशेषज्ञ और निजी अस्पतालों के डॉक्टर उपस्थित रहे।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here