नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा टैरिफ बढ़ाने की घोषणा के बाद भारत की ओर से पहली बड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट रूप से कहा है कि भारत अपने किसानों, मछुआरों और डेयरी किसानों के हितों से किसी भी सूरत में समझौता नहीं करेगा, चाहे इसके लिए कितनी भी बड़ी कीमत क्यों न चुकानी पड़े।

,प्रधानमंत्री मोदी एम.एस. स्वामीनाथन शताब्दी अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने अमेरिकी टैरिफ नीति पर अप्रत्यक्ष प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “हमें भारी कीमत चुकानी पड़ सकती है, लेकिन हम इसके लिए तैयार हैं। भारत के लिए किसानों का हित सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
उन्होंने आगे कहा कि भारत की कृषि व्यवस्था सिर्फ एक सेक्टर नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आजीविका और देश की आत्मा से जुड़ा हुआ विषय है। “हमारे मछुआरे हों या छोटे डेयरी किसान, सरकार उनके हर हित की रक्षा के लिए कटिबद्ध है,” पीएम मोदी ने ज़ोर देते हुए कहा।बता दें कि हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कुछ भारतीय उत्पादों पर टैरिफ बढ़ाने का एलान किया था, जिससे भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक तनाव बढ़ने की आशंका है। इस पर भारत सरकार की ओर से यह पहला बड़ा और स्पष्ट बयान सामने आया है।विशेषज्ञों का मानना है कि यह बयान भारत की रणनीतिक दृढ़ता और आत्मनिर्भर कृषि नीति की दिशा में एक और मजबूत संकेत है।


























