शिमला: हिमाचल प्रदेश में बीते 24 घंटों से जारी भारी बारिश ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। शिमला, सोलन, मंडी, चंबा, कांगड़ा और बिलासपुर जिलों में बारिश ने तबाही मचाई है, जिससे सड़क और परिवहन व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से मिली जानकारी के अनुसार, प्रदेश में चार राष्ट्रीय राजमार्गों समेत कुल 533 सड़कें बंद हो चुकी हैं। मलबा और भूस्खलन के कारण कई क्षेत्रों का संपर्क पूरी तरह कट गया है। वहीं, हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (HRTC) की 955 रूटों पर बस सेवाएं बाधित हुई हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

विशेष रूप से शिमला और मंडी जिलों में कई स्थानों पर लैंडस्लाइड की घटनाएं सामने आई हैं। चंबा और कांगड़ा में भी ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है, लेकिन लगातार बारिश राहत कार्यों में बाधा बन रही है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए राज्य के ऊपरी और मध्यवर्ती इलाकों में रेड अलर्ट जारी किया है। लोगों को नदी-नालों से दूर रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
प्रशासन की ओर से स्कूलों को बंद रखने और आपात सेवाओं को अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया गया है। फिलहाल, मौसम के साफ होने तक हालात सामान्य होने की उम्मीद कम ही नजर आ रही है।


























