weather: झारखंड में अगले तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम केंद्र के अनुसार 17 अगस्त को दक्षिण-पूर्वी झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां तथा इससे लगे मध्य झारखंड के राँची और खूंटी के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
वहीं, 18 अगस्त को उत्तर-पश्चिमी झारखंड के पलामू, लातेहार और चतरा तथा इससे लगे मध्य झारखंड के हजारीबाग में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। 19 अगस्त तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएँ भी चल सकती हैं। अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड में फिलहाल सामान्य से करीब 18 प्रतिशत कम बारिश हुई है। आम तौर पर 15 अगस्त तक राज्य में 668 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, जबकि अब तक करीब 550 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
बारिश की इस गतिविधि की वजह बंगाल की खाड़ी में बन रहा निम्न दबाव का क्षेत्र है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल-उत्तर ओडिशा तट पर बना निम्न दबाव क्षेत्र सक्रिय है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊँचाई तक फैला है। अगले 24 घंटे में इसके उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और और अधिक स्पष्ट होने की संभावना है। वहीं, मॉनसून टर्फ भी इस निम्न दबाव क्षेत्र के आसपास से गुजर रहा है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से झारखंड में बारिश की गतिविधियाँ बढ़ने का अनुमान है।


































