अमृतसर: नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। एजेंसी ने 36 किलो अफीम तस्करी मामले में वांछित चल रहे पंजाबी सिंगर जगसीर सिंह उर्फ काला बाज सरां को गिरफ्तार कर लिया है। जगसीर काला बीते एक दशक से सुरक्षा एजेंसियों को चकमा देकर फरार चल रहा था।

एनसीबी अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ 2015 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था, जिसके बाद से वह अंडरग्राउंड हो गया था। लगातार फरारी के चलते पंजाब पुलिस ने उस पर ₹50,000 का इनाम घोषित किया था।
गिरफ्तारी अमृतसर से हुई, जहां वह गुप्त रूप से ठिकाने बदल-बदल कर रह रहा था। एनसीबी के सूत्रों के अनुसार, जगसीर काला का संबंध 36 किलो अफीम की अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह से था, और वह इस नेटवर्क का अहम हिस्सा माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि गायक के रूप में जगसीर की पहचान का वह गलत इस्तेमाल करता था और नशे के कारोबार को अंजाम देता था। गिरफ्तारी के बाद उसे स्थानीय कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया है।
एनसीबी अधिकारियों ने इसे एक बड़ी सफलता बताया है और कहा है कि आरोपी से पूछताछ में अन्य नेटवर्क और तस्करों के नाम सामने आने की उम्मीद है।




























