देश: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आज बुधवार को NSUI प्रदर्शनकारियों के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस अवसर पर एक प्रदर्शनकारी का परिचय हमारी शेरनी कह कर कराया। राहुल ने कहा, मैं अपनी शेरनी का परिचय कराना चाहता हूं। उन्हें पीटा गया, लेकिन वे डरी नही। उनके दिल में कोई नफरत नहीं थी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पहुंचीं NSUI की छात्राओं ने हिरासत के दौरान पुलिस पर मारपीट और टॉर्चर करने का आरोप लगाया। दावा किया कि उन्हें थाने ले जाने के दौरान घसीटा गया। उनके साथ मारपीट की गयी। एक छात्रा ने पेट के निचले हिस्से पर लात मारने का आरोप लगाया। एक प्रदर्शनकारी ने बाल खींचने और गला दबाने की बात कही। प्राइवेट पार्ट पर हमला किए जाने का भी दावा किया गया। एक छात्रा ने कहा, चोट के कारण उसके पैर नीले पड़ गये थे।
एक प्रदर्शनकारी युवती ने आरोप लगाया है कि विरोध प्रदर्शन के दौरान एक महिला पुलिस कॉन्स्टेबल ने उसके साथ मारपीट की। उन्होंने बताया कि कल NSUI कार्यकर्ता शांतिपूर्ण ढंग से विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, तभी सभी को हिरासत में ले लिया गया और तीन बसों में डाल दिया गया।
प्रदर्शनकारी युवती ने कहा, हमारे कई साथी थे, हर बस में लगभग 30-40 लोग थे। उसने कहा, हमारी बस में दो लड़कियां और 20-30 अन्य NSUI साथी थे। बस में चंचल यादव नाम की एक महिला कॉन्स्टेबल थीं।
प्रदर्शनकारी युवती के अनुसार हिरासत में लिये जाने के बाद भी हम सब ने बस से उतरकर विरोध प्रदर्शन जारी रखने की कोशिश की बस को रोकने की भी कोशिश की, नीचे बैठ गये ताकि हमारा विरोध किसी तरह जारी रह सके। आरोप लगाया कि चंचल यादव ने उसकी गर्दन कसकर पकड़ी और धक्का दिया। इस कारण वह पीछे की सीट पर गिर गयी।
चंचल यादव ने अपने नाखूनों से उसके चेहरे पर खरोंचा। प्रदर्शनकारी युवती ने आरोप लगाया कि चेहरे और कान के पास खरोंच के निशान पड़ गये। विरोध करने पर उन्होंने (चंचल यादव) मुझे जोर से थप्पड़ मारा और कहा, लो, एक और थप्पड़ खाओ।

































