झारखंड में बारिश का कहर, अगले 48 घंटे भारी, IMD का अलर्ट

0
18

weather: बंगाल की खाड़ी में बने प्रबल निम्न दबाव के प्रभाव से झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, इस सिस्टम के पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट से प्रवेश करने के कारण राँची समेत दक्षिणी, मध्य और पूर्वी झारखंड में अगले दो दिनों तक मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान, कई जिलों में तेज हवा, मेघ गर्जन और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने 28 और 29 जुलाई को रांची के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।

सोमवार (27 जुलाई) को भी रांची में प्रबल निम्न दबाव का असर साफ दिखाई दिया। सुबह से शाम तक रुक-रुक कर झमाझम बारिश होती रही। राजधानी में 8.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, दिनभर में सबसे अधिक 20.5 मिमी बारिश कोडरमा में रिकॉर्ड की गई। पिछले 24 घंटे के दौरान चाईबासा के झिंकपानी में राज्य में सर्वाधिक 61.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों में झारखंड के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह बारिश राज्य में अब तक हुई वर्षा की कमी को कुछ हद तक पूरा कर सकती है, जिससे किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, लगातार बारिश के कारण राँची सहित निचले इलाकों में जलजमाव, नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि और वज्रपात का खतरा भी बढ़ सकता है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here