रांची: मिडिल ईस्ट में अमेरिका, इज़रायल और ईरान के बीच जारी जंग का असर अब भारत में भी साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। रांची में भी घरेलू LPG सिलेंडर की कमी से उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। शहर के कई इलाकों में लोग घंटों तक गैस एजेंसियों के बाहर कतार में खड़े होकर रसोई गैस का इंतजार कर रहे हैं। कई लोगों को अपने रोजमर्रा के काम छोड़कर सिलेंडर लेने के लिए लाइन में लगना पड़ रहा है ताकि घर में खाना बन सके।
उपभोक्ताओं का कहना है कि पिछले कई दिनों से गैस सिलेंडर आसानी से उपलब्ध नहीं हो रहा है। सरकार की ओर से कमी नहीं होने की बात कही जा रही है। लेकिन, जमीनी स्तर पर लोगों को सिलेंडर पाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
गैस एजेंसी के कर्मचारियों के अनुसार फिलहाल गैस की आपूर्ति कम हो रही है, जिसके कारण डोर-टू-डोर डिलीवरी प्रभावित हुई है और उपभोक्ताओं को एजेंसी से ही सिलेंडर लेना पड़ रहा है।































