रांची में हिंदपीढ़ी में चोरों का तांडव, कारों की डिक्की तोड़ लाखों का सामान चोरी

0
11

रांची: रांची के हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र में गुरुवार रात चोरों ने लगातार कई वाहनों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मेन रोड स्थित हाई स्ट्रीट मॉल के बगल की गली में जोखीराम कॉम्प्लेक्स के समीप खड़ी कई कारों की डिक्की तोड़कर चोर लैपटॉप, चार्जर, पर्स समेत अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, एक निजी कंपनी के अधिकारी सुभोजित चटर्जी की हुंडई कार उनके कार्यालय के बाहर खड़ी थी। चोरों ने कार की डिक्की तोड़कर उसमें रखा लैपटॉप, चार्जर और पर्स चोरी कर लिया। पर्स में क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे।

इसी दौरान, चोरों ने पास में खड़ी एक अन्य कार की डिक्की भी तोड़ दी और उसमें रखा कीमती सामान लेकर फरार हो गए। एक ही रात में लगातार कई वाहनों को निशाना बनाए जाने से आसपास के कार्यालयों में काम करने वाले लोगों और स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

घटना के बाद, सुभोजित चटर्जी ने हिंदपीढ़ी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शुक्रवार को घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here