रांची: एचईसी सेक्टर-2 में पेड़ों को बचाने के लिए स्थानीय लोगों ने अनोखी मुहिम शुरू की है। सड़क किनारे पेड़ों पर की गई मार्किंग के विरोध में लोग अब उन्हीं पेड़ों पर रंग-बिरंगी कलाकृतियां बना रहे हैं। कोई फूल-पत्तियां उकेर रहा है, तो कोई अपनी कला के माध्यम से प्रकृति संरक्षण का संदेश दे रहा है। इस पहल में बच्चे, युवा, स्थानीय निवासी और कलाकार बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।
हर रविवार लोग यहां जुटते हैं और पेंटिंग, संगीत, योग व नृत्य के जरिए पेड़ों को बचाने की अपील करते हैं। दरअसल, एचईसी सेक्टर-2 में सड़क को फोरलेन से 10 लेन में विस्तारित करने की योजना है। इसी सिलसिले में सड़क किनारे पेड़ों पर मार्किंग की गई है। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि सड़क विस्तार की योजना के तहत इन पेड़ों को काटा जा सकता है। इसी आशंका के विरोध में शुरू हुई यह पहल अब सामूहिक अभियान का रूप ले चुकी है।


































