रांची: रांची के प्रमुख चौराहों में शामिल सहजानंद चौक का अब कायाकल्प किया जाएगा। इसके लिए, सौंदर्गीकरण का विस्तृत प्लान तैयार कर लिया गया है, जिसमें चौक को शहर का आकर्षक और आधुनिक लैंडमार्क बनाने पर जोर दिया गया है।
तैयार योजना के मुताबिक, चौक के बीच में नया डिजाइन होगा, जहां फाउंटेन और आकर्षक लाइटिंग लगाई जाएगी। रात के समय यह चौक खास लाइटिंग इफेक्ट के कारण अलग पहचान बनाएगा। इसके साथ ही, आसपास हरियाली बढ़ाने के लिए पौधारोपण और लैंडस्केपिंग की भी व्यवस्था की जाएगी।
ट्रैफिक को व्यवस्थित करने के लिए रोड मार्किंग, बेहतर सिग्नल सिस्टम और डायवर्जन प्लान भी शामिल किया गया है। इससे रोजाना लगने वाले जाम की समस्या में कमी आने की उम्मीद है। अधिकारियों के मुताबिक इस प्रोजेक्ट के जरिए सहजानंद चौक को केवल ट्रैफिक पॉइंट नहीं, बल्कि शहर के एक आकर्षक पब्लिक स्पेस के रूप में विकसित किया जाएगा। काम शुरू होने के बाद चरणबद्ध तरीके से इसे पूरा किया जाएगा, जिससे आम लोगों को कम से कम असुविधा हो।
































