रक्षाबंधन के दिन दिल्ली-एनसीआर में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया। सुबह से हो रही भारी बरसात के कारण दिल्ली और नोएडा के कई इलाकों में जलभराव हो गया, जिससे यातायात व्यवस्था चरमरा गई। कई जगह गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा।

मौसम विभाग के अनुसार, आज उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों में भी मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है और भारी बारिश की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश में मानसून का कहर जारी है। राज्य में लगातार हो रही बरसात से 357 सड़कें पूरी तरह अवरुद्ध हो गई हैं। कई जगह भूस्खलन की घटनाएं भी दर्ज की गई हैं, जिससे पहाड़ी इलाकों में आवाजाही ठप हो गई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले 24 से 48 घंटे उत्तर भारत के कई राज्यों के लिए चुनौतीपूर्ण रह सकते हैं।


























