ईडी ने 100 करोड़ से अधिक के फर्जी जीएसटी बिल व मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। ईडी की टीम ने अरोड़ा के चंडीगढ़ सहित राज्य के कई ठिकानों पर छापेमारी के बाद उन्हें गिरफ्तार किया। हालांकि, ईडी ने उनकी गिरफ्तारी की आधारिक पुष्टि नही की है। सूत्रों के अनुसार, ईडी की टीम अरोड़ा से पूछताछ करती रही। उन्हें आगे की जांच के लिए दिल्ली ले जाया जा सकता है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे ईडी की टीमों ने चंडीगढ़ के सेक्टर-2 स्थित अरोड़ा के आवास समेत दिल्ली, गुरुग्राम व अन्य ठिकानों पर एक साथ छापामारी शुरू की थी। कार्रवाई के दौरान, सुरक्षा के मद्देनजर सीआईएसएफ व सीआरपीएफ के जवानों की तैनाती की गई थी। टीमों ने कई घंटों तक वित्तीय दस्तावेजों, कारोबारी लेनदेन और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच की।
इधर, मुख्यमंत्री भगवंत मान सहित आम आदमी पार्टी के कई नेताओं ने केंद्र सरकार पर बदले की कार्रवाई का आरोप लगाया है। आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने एक्स पर ट्वीट कर इसे बदले की कार्रवाई बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डायरेक्टर से लेकर चपरासी तक को अब पंजाब भेज दिया है। इतिहास गवाह है कि दिल्ली में बैठा औरंगज़ेब भी पंजाब को नहीं झुका पाया था।

































