रांची: राज्यपाल ने श्री हनुमान मंदिर में की पूजा, ‘श्री राम वाटिका’ सामुदायिक हॉल का किया उद्घाटन। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने शनिवार को महात्मा गाँधी मार्ग स्थित श्री हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रभु बजरंगबली का आशीर्वाद लिया और राज्यवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर में नवनिर्मित वातानुकूलित सामुदायिक हॉल ‘श्री राम वाटिका’ का उद्घाटन किया। समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि मंदिर केवल पूजा-अर्चना के केंद्र नहीं, बल्कि सेवा, सामाजिक समरसता और संस्कारों के संवर्धन के महत्वपूर्ण स्थल हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि श्री राम वाटिका धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों का प्रेरणादायी केंद्र बनेगी। राज्यपाल ने युवाओं से सेवा, अनुशासन और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया तथा मंदिर समिति, पंजाबी हिंदू बिरादरी और सभी सहयोगियों को इस जनोपयोगी पहल के लिए बधाई दी।


































