मनोरंजन: साउथ सुपरस्टार धनुष की अपकमिंग फिल्म ‘कारा’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। ट्रेलर में एक्शन, ड्रामा और इमोशन का जबरदस्त मिश्रण देखने को मिल रहा है। यह फिल्म 30 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
करीब 2 मिनट 28 सेकंड के ट्रेलर की शुरुआत 1991 के खाड़ी युद्ध से जुड़ी अखबारों की सुर्खियों से होती है। फिल्म में युद्ध के कारण वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़े असर और ईंधन संकट को दिखाया गया है। साथ ही, उस दौर में भारतीय नागरिकों की मुश्किलों और अशांति को भी बखूबी दर्शाया गया।
बैंक लुटेरे के रोल में धनुष
ट्रेलर में धनुष एक बैंक लुटेरे की भूमिका में नजर आते हैं, जो अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए लगातार लूट की वारदातों को अंजाम देता है। उसकी इन हरकतों से बैंकों में हड़कंप मच जाता है।
चोर-पुलिस का रोमांचक खेल
धनुष के किरदार को पकड़ने की जिम्मेदारी सूरज वेंजारामूडु के किरदार पर होती है, जिसके बाद, फिल्म में चोर-पुलिस के बीच रोमांचक पीछा और टकराव देखने को मिलता है।
फिल्म सिर्फ एक्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें भावनात्मक पहलू भी शामिल है। ट्रेलर में एक सीन में ममिता बैजू, धनुष से उनकी चोरियों को लेकर सवाल करती नजर आती हैं, जो कहानी में गहराई जोड़ता है।
स्टारकास्ट व निर्देशन
‘कारा’ का निर्देशन विग्नेश राजा कर रहे हैं। यह उनके करियर की दूसरी फिल्म है। फिल्म में धनुष के साथ ममिता बैजू, के.एस. रविकुमार, जयराम, पृथ्वी पांडियाराजन, सूरज वेंजारामूडु, एम.एस. भास्कर और श्रीजा रवि अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।































