खेल: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टी20 सीरीज का पहला मैच शुक्रवार (17 अप्रैल) डरबन में खेला गया। इस मैच में भारतीय महिला क्रिकेट टीम को 6 रन से हार का सामना करना पड़ा। ओपनर शफाली वर्मा और मंधाना ने अच्छी शुरुआत दिलाई और 46 रन जोड़े। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 33 गेंद में नाबाद 47 रन बनाकर भारत को 157/7 के स्कोर तक पहुंचाया।
जवाब में दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वाईट ने 39 गेंद में 51 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। जबकि, एनरी डेरक्सन ने 34 गेंदों में नाबाद 44 रन बनाकर मेजबान टीम को एक गेंद शेष रहते लक्ष्य तक पहुंचा दिया।
इंटरनेशनल मैचों में बेहतरीन प्रदर्शन कर रही उप कप्तान स्मृति मंधाना का बल्ला भी नहीं चला। वह मात्र 13 रन के निजी स्कोर पर ही आउट हो गई। मगर इस 13 रन के निजी स्कोर से ही उन्होंने इतिहास रच दिया।
वह भारतीय खिलाड़ी रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ते हुए टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बन गई हैं। स्मृति अब भारतीय टीम के पुरुष और महिला दोनों ही खिलाड़ियों की लिस्ट में टॉप पर हैं. इस टी20 मैच में स्मृति ने एक रन लेकर यह उपलब्धि हासिल की।
रोहित शर्मा ने अपने करियर में 159 मैचों में 4231 रन बनाए, जिसमें 5 शतक 32 अर्धशतक शामिल है। वहीं, स्मृति ने 161 टी20 मैच में 4244 रन बनाए, जिसमें 1 शतक व 33 अर्धशतक शामिल है।
स्मृति ने डरबन में स्कोर 13 रन बनाए और अब उनके नाम में 4,244 रन हो गए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 124.38 है। कुल मिलाकर, मंधाना अब महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में दूसरी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बन गई हैं। पांच मैचों की सीरीज का दूसरा मैच रविवार को भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेला जाएगा।




























