झारखंड में AI से बदलेगी हेल्थ सेवा

0
7

झारखंड: झारखंड सरकार ने राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI तकनीक को बढ़ावा देने के लिए गूगल LLC के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) करने का फैसला लिया है।

इस पहल के जरिए राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं में नई तकनीकों का इस्तेमाल बढ़ाया जाएगा। सरकार का मानना है कि AI और डिजिटल तकनीक के उपयोग से मरीजों को बेहतर इलाज और सुविधाएं मिल सकेंगी, खासकर दूरदराज के इलाकों में।

इस समझौते के तहत स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए AI आधारित इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा। साथ ही, क्लाउड तकनीक को अपनाकर डेटा प्रबंधन और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाया जाएगा। राज्य में तकनीकी कौशल और विशेषज्ञता को बढ़ावा देने पर भी जोर रहेगा।

सरकार शोध और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए रिसर्च से जुड़े लोगों को AI तकनीक में सहयोग देगी। इसके अलावा, स्वास्थ्य संस्थानों, स्कूलों, कॉलेजों और पारंपरिक उद्योगों के लिए प्रशिक्षण और सहायता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।

इस प्रस्ताव और MoU के प्रारूप को मंत्रिपरिषद की मंजूरी मिल चुकी है। विभाग का कहना है कि स्वास्थ्य क्षेत्र में तेजी से हो रहे तकनीकी बदलावों को अपनाना समय की जरूरत है।

इस संबंध में अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने राज्यपाल के आदेश से संकल्प जारी कर दिया है। इसकी प्रतिलिपि संबंधित विभागों और गूगल क्लाउड इंडिया के अधिकारियों को भेज दी गई हैं ताकि समझौते को जल्द लागू किया जा सके।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here