उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हैदरगढ़ जा रही एक रोडवेज बस पर अचानक बरगद का पेड़ गिरने से पांच शिक्षकों समेत छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, हादसा तेज बारिश के दौरान हुआ। बरगद का पेड़ अचानक बस के ऊपर गिर गया, जिससे बस के अगले हिस्से में बैठे यात्री दब गए। घटना के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
घायलों को जिला अस्पताल बाराबंकी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सतरिख में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।
तेज बारिश और गिरे पेड़ के कारण सड़क पर लंबे समय तक जाम भी लगा रहा, जिसे पुलिस ने घंटों बाद हटवाया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।
























