चुरू, राजस्थान : राजस्थान के चुरू जिले में बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जब भारतीय वायुसेना का एक जगुआर ट्रेनर विमान नियमित प्रशिक्षण उड़ान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में दोनों पायलटों की मौके पर ही मौत हो गई। वायुसेना ने पुष्टि की है कि यह विमान सूरतगढ़ एयरबेस से उड़ान भरने के बाद प्रशिक्षण मिशन पर था।

भारतीय वायुसेना की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि,
भारतीय वायुसेना का एक जगुआर ट्रेनर विमान आज राजस्थान के चुरू के पास नियमित प्रशिक्षण मिशन के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में दोनों पायलटों की मृत्यु हो गई है। किसी भी नागरिक या संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचा है। भारतीय वायुसेना इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करती है और शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है। हादसे के कारणों की जांच के लिए ‘कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी’ गठित कर दी गई है।
पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं
यह साल 2025 में जगुआर विमान की तीसरी दुर्घटना है। इससे पहले मार्च और अप्रैल में भी एक-एक जगुआर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो चुका है। दो इंजन वाले इस लड़ाकू विमान को 1970 में वायुसेना के बेड़े में शामिल किया गया था। दुनिया के कई देशों ने इस विमान को अपने बेड़े से बाहर कर दिया है, लेकिन भारतीय वायुसेना अभी भी इसका प्रशिक्षण और मिशन उद्देश्यों के लिए उपयोग कर रही है।
वायुसेना ने जताया शोक
भारतीय वायुसेना ने इस घटना को गंभीर और दुखद बताया है और दोनों पायलटों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। साथ ही यह भी कहा गया है कि सुरक्षा मानकों की पूरी जांच की जाएगी, ताकि आगे ऐसे हादसों को रोका जा सके।



























