रांची: राजधानी रांची के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मेले की तैयारियां जोरों पर हैं। जगन्नाथ मंदिर परिसर में रथ की मरम्मत और सजावट का कार्य तेजी से जारी है। पारंपरिक लकड़ी के रथ को रंग-बिरंगे सजावटी चित्रों और आकर्षक लकड़ी की नक्काशी से सजाया जा रहा है। भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा की भव्य शोभायात्रा के लिए यह रथ मुख्य आकर्षण होता है।
सेवा कार्य में जुटे अनेक स्वयंसेवी संगठन
हर वर्ष की तरह इस बार भी 27 जून से मेला प्रारंभ होने जा रहा है। इसमें न केवल श्रद्धालु बल्कि अनेक सामाजिक और धार्मिक संगठन भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, झारखंड आदिवासी सरना विकास समिति, मां सुभद्रा ग्रुप चैरिटेबल ट्रस्ट सहित कई संस्थाएं मेले में सेवा शिविर लगाएंगी। ये संस्थाएं सुरक्षा, स्वास्थ्य, जल सेवा और मार्गदर्शन जैसी व्यवस्थाओं में प्रशासन का सहयोग करती हैं।



























