प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात 8 बजे देश को संबोधित करने वाले हैं। यह संबोधन ऐसे समय में हो रहा है जब हाल ही में भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण हालात के बाद सीजफायर की घोषणा की गई है। ऑपरेशन सिंदूर की कामयाबी के बाद पीएम मोदी का यह संबोधन कई मायनों में अहम माना जा रहा है।
ऑपरेशन सिंदूर की पृष्ठभूमि
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर पाकिस्तान के नौ आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया था। इस ऑपरेशन में 100 से अधिक आतंकी मारे गए थे, जिनमें आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद के सरगाना मौलाना मसूद अजहर के परिवार के 10 लोग शामिल थे।
भारत की इस कार्रवाई के बाद पाकिस्तान ने पलटवार करने की कोशिश की थी, जिसमें उसने ड्रोन हमले के साथ-साथ सीमावर्ती इलाकों में भारी फायरिंग की थी। भारत ने जवाब देते हुए पाकिस्तान में घुसकर उसके कई सैन्य अड्डे तबाह कर दिए और उसके कई लड़ाकू विमान मार गिराए। इसके बाद दोनों देशों ने अचानक सीजफायर की घोषणा कर दी।
पीएम मोदी के संबोधन की अहमियत
अब लोगों की नजर पीएम मोदी के संबोधन पर है, जिसमें वे भारत-पाकिस्तान तनाव और ऑपरेशन सिंदूर की कामयाबी के बारे में बात कर सकते हैं। यह संबोधन न केवल देश को ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी देगा, बल्कि आगे की रणनीति के बारे में भी संकेत दे सकता है। पीएम मोदी के संबोधन का इंतजार देशभर में हो रहा है, जो आज रात 8 बजे होगा ।


























