हजारीबाग के करसो गांव में सोलर की शुरुआत, बनेगा ऊर्जा का मॉडल

0
11

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए हजारीबाग जिले के बरही प्रखंड स्थित करसो गांव का चयन किया गया है। अगले छह महीनों तक इस गांव में सौर ऊर्जा आधारित योजनाओं का विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को स्वच्छ ऊर्जा से जोड़ना, बिजली खर्च कम करना और केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

प्रशासन की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, करसो गांव में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, पीएम-कुसुम योजना समेत अन्य सौर ऊर्जा आधारित योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके साथ ही, पात्र लाभुकों की पहचान कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी तेज की जाएगी। संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी योजनाओं का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने से ग्रामीणों को सस्ती और सुगम बिजली उपलब्ध होगी। साथ ही, बिजली बिल में कमी आएगी और अतिरिक्त बिजली उत्पादन होने पर आर्थिक लाभ की भी संभावना बनेगी। इससे ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा मिलने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।

सरकार का लक्ष्य करसो गांव को सौर ऊर्जा के क्षेत्र में एक आदर्श मॉडल गांव के रूप में विकसित करना है, ताकि भविष्य में जिले के अन्य गांव भी इस मॉडल को अपनाकर ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन सकें।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। इसके तहत देशभर के लगभग एक करोड़ परिवारों के घरों की छतों पर सोलर रूफटॉप सिस्टम लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे पात्र परिवारों को हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली का लाभ मिल सके। इसके अलावा, अतिरिक्त बिजली ग्रिड में बेचकर परिवार अपनी आय भी बढ़ा सकते हैं।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here