नई दिल्ली: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन के बाद आज देशभर में शोक की लहर है। इस दुखद अवसर पर माननीया राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु और माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने आज सर गंगाराम अस्पताल, नई दिल्ली पहुंचकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की।

राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री दोनों ने शिबू सोरेन के पार्थिव शरीर पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों से भी मुलाकात की, जिनमें झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधायक कल्पना सोरेन एवं अन्य परिजन शामिल रहे। दोनों शीर्ष नेताओं ने इस कठिन घड़ी में परिवारजनों को सांत्वना दी और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
- शिबू सोरेन जी के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रांची लाया जाएगा, जहां राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
- झारखंड के इस महान नेता को शत-शत नमन। देश उनके संघर्ष और बलिदान को सदैव याद रखेगा।





























