झारखंड: खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 के खिलाफ झारखंड के वामदलों ने राज्यव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। भाकपा, माकपा, भाकपा (माले) लिबरेशन और एसयूसीआई (सी) ने संयुक्त रूप से आंदोलन की रूपरेखा तैयार की है। गुरुवार को भाकपा (माले) के राज्य कार्यालय में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में नेताओं ने इसकी घोषणा की।
वामदलों के अनुसार, 25 से 31 अगस्त तक राज्य के सभी जिलों के प्रखंडों, पंचायतों और नगर निकायों में विधेयक की प्रतियां जलाकर विरोध दर्ज कराया जाएगा। इसके साथ ही, गांव-गांव में प्रचार अभियान चलाने और सार्वजनिक स्थानों पर नुक्कड़ सभाएं आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
रांची में लोकभवन के समक्ष प्रदर्शन कर राज्यपाल के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा जाएगा। आंदोलन के अगले चरण में अन्य धर्मनिरपेक्ष दलों और जनसंगठनों को भी साथ लेकर केंद्र सरकार के प्रतिष्ठानों का घेराव किया जाएगा। वामदलों ने इसके बाद झारखंड बंद का आह्वान करने की भी बात कही है।


































