बिहार: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की मतगणना जारी है। अब तक आए रुझानों में एनडीए (NDA) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बहुमत की ओर मजबूत कदम बढ़ाया है। कई सीटों पर स्टार प्रत्याशियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। यहां तीन चर्चित सीटों- छपरा, अलीनगर और करगहर के ताजा रुझानों पर एक नजर डालते हैं।छपरा (सारण जिला) पर बीजेपी की छोटी कुमारी आगे चल रही हैं। उन्हें अब तक 22,031 वोट मिले हैं। आरजेडी के उम्मीदवार और एक्टर खेसारी लाल यादव पीछे चल रहे हैं। उन्हें 19,439 वोट प्राप्त हुए। वोटों का अंतर 2,592 है।
अलीनगर (दरभंगा जिला) विधानसभा सीट पर बीजेपी की मैथिली ठाकुर मजबूत बढ़त के साथ आगे चल रही हैं। उन्हें 49,673 वोट मिले हैं। आरजेडी के बिनोद मिश्रा को 42,364 वोट मिला है। इसका अंतर 7,309 वोटों का है। निर्दलीय सैफुद्दीन अहमद को 1,520 वोट मिला है। प्रसिद्ध मैथिली गायिका मैथिली ठाकुर की डेब्यू चुनावी पारी शानदार रही। वे पहली बार बीजेपी के टिकट पर मैदान में उतरी हैं और जीत की दहलीज पर दिख रही हैं।
करगहर (रोहतास जिला) सीट से जदयू के बशिष्ठ सिंह सबसे आगे चल रहे हैं। 30 में से 14 राउंड की गिनती के बाद उन्हें 39,617 वोट मिला है। कांग्रेस के संतोष कुमार मिश्रा को 20,449 वोट जबकि जन सुराज पार्टी के कैंडिडेट और सिंगर रितेश रंजन (रितेश पांडे) बहुत पीछे चल रहे हैं। उन्हें मात्र 5,772 वोट हासिल हुआ है। यहां, जन सुराज पार्टी के भोजपुरी गायक रितेश रंजन की उम्मीदों पर पानी फिरता नजर आ रहा है। जदयू ने सीट पर मजबूत पकड़ बनाई है।
भोजपुरी एक्टर पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह काराकाट सीट (रोहतास जिला) पर काफी पीछे चल रही हैं। इस सीट पर जदयू के महाबलि सिंह 2500 मतों से आगे चल रहे हैं। सीपीआई-एमएल प्रत्याशी अरुण सिंह दूसरे नंबर पर हैं। ज्योति सिंह निर्दलीय मैदान में हैं।
मतगणना अभी जारी है और अंतिम नतीजे आने बाकी हैं लेकिन इन सीटों पर एनडीए का दबदबा साफ दिख रहा है। पूरे राज्य में एनडीए 190+ सीटों पर आगे चल रहा है, जबकि महागठबंधन 50 से नीचे सिमटता दिख रहा है जिसमें स्टार प्रत्याशियों की यह जंग बिहार चुनाव की सबसे रोचक कहानियों में से एक बनी हुई है।





























