राजनीति: महापौर रोशनी खलखो और उपमहापौर नीरज कुमार ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात की। उन्होंने शहर के समग्र विकास के लिए केंद्र सरकार से सहयोग का आग्रह किया है। मुलाकात के दौरान, महापौर ने बढ़ती आबादी और तेजी से बढ़ रही शहरी जरूरतों का जिक्र करते हुए कहा कि शहर में बेहतर सड़क, जल निकासी व्यवस्था, स्वच्छता, हरित क्षेत्रों के विकास और अन्य बुनियादी नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार का सहयोग जरूरी है।
कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से रांची को स्वच्छ, आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल शहर के रूप में विकसित किया जा सकता है। महापौर ने शहर में आधारभूत संरचना के विस्तार और नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी केंद्रीय मंत्री का ध्यान आकर्षित किया। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रांची के विकास से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा करते हुए नगर के समग्र विकास के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।































