रांची: विधानसभा घेराव खत्म होने के बाद लौटते वक्त छात्रों और पुलिस के बीच नोंक झोंक हो गई, जिसके बाद, पुलिस ने छात्रों पर लाठी चार्ज कर दिया, जिससे भगदड़ मच गई। अंधेरा में छात्र इधर-उधर भागते दिखे. कई छात्रों को चोटें आयी हैं। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर पुलिस के खिलाफ लिखा जाने लगा है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि लौटते वक्त छात्रों की तरफ से पत्थरबाजी की गई।
इधर जानकारी मिली है कि विधानसभा घेराव के बाद वापस लौटने के दौरान JLKM नेता देवेंद्रनाथ को भी चोट लगी है। उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, शाम लगभग 6:30 के आसपास अभ्यर्थी विधानसभा से लौट रहे थे। उसी दौरान, छात्र और प्रशासन के बीच नोकझोंक हो गई जिसके बाद अभ्यर्थी पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
नारेबाजी के साथ ही भीड़ ने पुलिस के साथ गाली-गलौज की। जिसके बाद लाठी चार्ज होने की सूचना है। वहीं, भूख हड़ताल पर बैठे देवेंद्र नाथ महतो अभ्यर्थियों के साथ बीच सड़क पर बैठ गए। पुलिस के बोलने के बाद भी जब अभ्यर्थी वहां से नहीं हटे तब प्रशासन द्वारा उनको हटाने के दौरान धक्का-मुक्की हुई, जिसके बाद, पुलिस को लाठीचार्ज करनी पड़ी। इसमें देवेंद्र नाथ महतो को चोट लग गई, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल, किसी बड़े चोट की पुष्टि नहीं हुई है।


































