बिहार: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर झारखंड की सत्तारूढ़ पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने बड़ा फैसला लिया है। पार्टी ने गठबंधन से अलग होकर बिहार में अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा की है।
राँची स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में झामुमो के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि राजद की उपेक्षा से नाराज होकर पार्टी ने यह निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि झामुमो चकाई, धमदाहा, कटोरिया, मनीहारी, जमुई और पीरपैंती सीटों से अपने उम्मीदवार उतारेगी, जो संख्या आगे 10 तक बढ़ सकती है।
पार्टी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में 20 स्टार प्रचारकों की सूची भी जारी की है, जिसमें कल्पना सोरेन, स्टीफन मरांडी, बसंत सोरेन, मिथिलेश ठाकुर, पंकज मिश्रा सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हैं। भट्टाचार्य ने कहा कि बिहार में लड़ाई बहुमुखी होगी और झामुमो पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरकर अपनी जीत सुनिश्चित करेगा।





























