झारखंड: झारखंड के क्रिकेट प्रेमियों के लिए रोमांच का नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। ‘झारखंड टी20 क्रिकेट लीग’ की आधिकारिक लॉन्चिंग के साथ विजेता ट्रॉफी का अनावरण कर दिया गया है। यह टूर्नामेंट दुनिया की सबसे लोकप्रिय लीग इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की तर्ज पर 20 जून से आयोजित होने जा रहा है, जिससे प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर जैसा अनुभव और बड़ा मंच मिलेगा।
ईशान किशन सहित दिग्गजों की उपस्थिति
इस खास अवसर पर भारतीय टीम के स्टार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर ईशान किशन मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ, जेएससीए (JSCA) के प्रेसिडेंट अजय नाथ शाहदेव, वाइस प्रेसिडेंट संजय पांडेय, सेक्रेटरी सौरभ तिवारी, ज्वाइंट सेक्रेटरी शाहबाज नदीम और एसजे अपलिफ्ट के चेयरमैन संभव जैन मौजूद रहे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर ईशान किशन की मौजूदगी ने इस आयोजन के उत्साह को और बढ़ा दिया है।
26 मई को खिलाड़ियों की नीलामी
लीग के आधिकारिक आगाज के बाद अब 26 मई को खिलाड़ियों की नीलामी आयोजित की जाएगी। इस नीलामी में सभी 6 टीमें अपने पसंदीदा खिलाड़ियों पर बोली लगाकर उन्हें अपनी टीम में शामिल करेंगी। टीम कंपोजिशन में अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ-साथ आईपीएल, रणजी ट्रॉफी, अंडर-23, अंडर-19 और स्थानीय युवा टैलेंट का बेहतरीन मिश्रण देखने को मिलेगा।
दो ग्रुप में बांटी गई टीम
टूर्नामेंट के रोमांच को बढ़ाने के लिए सभी 6 टीमों को दो ग्रुपों में बांटा गया है। ग्रुप ए में बोकारो पावरहाउसेस, रांची कैपिटल्स और धनबाद कोल किंग्स को शामिल किया गया है। वहीं, ग्रुप बी में कोल्हान टाइगर्स, जमशेदपुर स्टीलर्स और संथाल स्ट्राइकर्स की टीमें शामिल हैं।
14 दिनों में 27 मैच
लीग मैचों की शुरुआत 20 जून से होगी, 14 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में कुल 27 मैच खेले जाएंगे। शेड्यूल के अनुसार, पहले दिन 20 जून को रांची कैपिटल्स बनाम बोकारो पावरहाउसेस शाम 4 बजे और जमशेदपुर स्टीलर्स बनाम संथाल स्ट्राइकर्स रात 8 बजे के बीच मुकाबला होगा।

































