झारखंड: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) द्वारा हाल में आयोजित कुछ महत्वपूर्ण परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों पर चिंता जतायी है। इसके साथ ही, राज्यपाल के निर्देश पर लोकभवन (राजभवन) सचिवालय ने आयोग के अध्यक्ष को पत्र लिखकर कथित गड़बड़ियों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
पत्र में कहा गया है कि सहायक वन संरक्षक (ACF) मुख्य परीक्षा और सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के प्रश्न-पत्रों में कई गड़बड़ियां सामने आई हैं। प्रारंभिक उत्तर-कुंजी में भी गलत उत्तरों की शिकायतें विभिन्न माध्यमों से प्राप्त हुई हैं। इन खामियों से अभ्यर्थियों में भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है और परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं विश्वसनीयता पर भी सवाल उठ रहे हैं।
राज्यपाल ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की लापरवाही आयोग की साख को प्रभावित करती है, जो गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने पूरे मामले की समुचित जांच कराने, जिम्मेदार व्यक्तियों की पहचान करने और उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
लोकभवन सचिवालय ने ऐसी गड़बड़ियों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए परीक्षा प्रणाली में आवश्यक सुधार और सतर्कता बरतने पर जोर दिया गया है। राज्यपाल ने अपेक्षा जताई है कि आयोग पारदर्शिता, शुचिता और उच्च मानकों को बनाए रखते हुए परीक्षाओं का संचालन करेगा, ताकि अभ्यर्थियों का विश्वास मजबूत हो सके।


































