featured: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आज अपना 45वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास अवसर पर रांची समेत पूरे देश में जश्न का माहौल है। सोशल मीडिया पर फैंस, क्रिकेटर और कई दिग्गज हस्तियां ‘कैप्टन कूल’ को जन्मदिन की शुभकामनाएं दे रही हैं।
महेंद्र सिंह धोनी विश्व क्रिकेट के एकमात्र ऐसे कप्तान हैं, जिन्होंने भारत को आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप (2007), वनडे वर्ल्ड कप (2011) और चैंपियंस ट्रॉफी (2013) का खिताब दिलाया। उनकी कप्तानी में भारतीय क्रिकेट टीम ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल कीं, जिसके चलते आज भी उन्हें दुनिया के सबसे सफल कप्तानों में गिना जाता है।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बावजूद धोनी की लोकप्रियता में कोई कमी नहीं आई है। वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में खेलते हुए लगातार सुर्खियों में बने रहते हैं। इसके अलावा, कई बड़े ब्रांड्स के साथ एंडोर्समेंट के जरिए भी उनकी मजबूत मौजूदगी बनी हुई है।
1,000 करोड़ रुपये से अधिक की है संपत्ति
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, महेंद्र सिंह धोनी की कुल संपत्ति 1,000 करोड़ रुपये से अधिक आंकी जाती है। उनकी आय का प्रमुख स्रोत आईपीएल, ब्रांड एंडोर्समेंट, निवेश और विभिन्न व्यावसायिक गतिविधियां हैं।
‘कैप्टन कूल’ नाम हुआ ट्रेडमार्क
रिपोर्ट्स के अनुसार, धोनी ने अपने लोकप्रिय उपनाम ‘कैप्टन कूल’ को ट्रेडमार्क कराने की प्रक्रिया भी पूरी कर ली है। यह नाम लंबे समय से उनकी शांत कप्तानी और दबाव में बेहतरीन फैसले लेने की क्षमता का प्रतीक माना जाता है।

































