रांची: राजधानी के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथ यात्रा एवं मेले से पहले झारखंड पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। गुरुवार को झारखंड की पुलिस महानिदेशक (DGP) तदाशा मिश्रा स्वयं जगन्नाथपुर मंदिर पहुंचीं और रथ यात्रा की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर परिसर, रथ यात्रा मार्ग और मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान, डीजीपी ने मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, ट्रैफिक डायवर्जन, पार्किंग व्यवस्था, कंट्रोल रूम तथा संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने राँची पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों से तैयारियों की विस्तृत जानकारी लेते हुए कहा कि लाखों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस आयोजन को पूरी सतर्कता, समन्वय और बेहतर भीड़ प्रबंधन के साथ संपन्न कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
डीजीपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रभावी भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल, क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT), फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और मेडिकल टीम को पूरी तरह अलर्ट रखा जाए।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, 24 घंटे सीसीटीवी निगरानी, ड्रोन सर्विलांस तथा सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए गए। इसके अलावा, सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखते हुए अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने को भी कहा गया।
निरीक्षण के दौरान, रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, सिटी एसपी पारस राणा सहित पुलिस एवं जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने डीजीपी को रथ यात्रा एवं मेले के लिए तैयार किए गए सुरक्षा ब्लूप्रिंट की जानकारी दी। पुलिस का कहना है कि इस वर्ष सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा में शामिल हो सकें।


































