उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने दी रांची संसदीय क्षेत्र के चुनाव कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी

0
318

लोकसभा चुनाव 2024 के छठे चरण के मतदान के लिए अधिसूचना जारी हो गयी। इसे लेकर आज दिनांक 29 अप्रैल 2024 को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची राहुल कुमार सिन्हा द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस किया गया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा रांची संसदीय क्षेत्र के चुनाव कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गयी।

06 मई 2024 तक अभ्यर्थी कर सकेंगे नामांकन

जिला निर्वाचन पदाधिकारी राहुल कुमार सिन्हा ने बताया कि छठे चरण के लिए अधिसूचना जारी होते ही नामजदगी के पर्चे दाखिल किये जा सकेंगे। अभ्यर्थी 06 मई 2024 तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। अगले दिन 07 मई को नामांकन पत्रों की जांच होगी, इसके 2 दिन बाद यानी 09 मई 2024 तक अभ्यर्थी अपने नामांकन वापस ले सकेंगे। इसके साथ ही चुनावी मैदान में डटे उम्मीदवारों की फाइनल सूची जारी कर दी जाएगी, 25 मई को मतदान होगा और 04 जून पंडरा बाजार समिति प्रांगण में मतगणना होगी।

कमरा संख्या 312 से मिलेगा नामांकन पत्र

राहुल कुमारा सिन्हा ने बताया कि अभ्यर्थी समाहरणालय ब्लॉक-ए के कमरा संख्या 312 से नामांकन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। सुबह 10ः00 बजे से शाम 05ः00 बजे तक नामांकन पत्र प्राप्त किया जा सकेगा। समाहरणालय ब्लॉक ए स्थित कमरा संख्या 202 को निर्वाची पदाधिकारी का कक्ष बनाया गया है। जहां नामांकन पत्र रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष अधिसूचित स्थल पर सुबह 11ः00 बजे से दोपहर 3ः00 तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे।

रांची जिला में कुल 24 लाख 88 हजार 715 मतदाता

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रांची जिला में मतदाताओं की जानकारी भी जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा दी गयी। उन्होंने बताया कि दिनांक 26.04.2024 के अनुसार रांची में कुल मतदाता 24 लाख 88 हजार 715 हैं, जिनमें 12 लाख 55 हजार 479 पुरुष जबकि 12 लाख 33 हजार 168 महिला मतदाता है। थर्ड जेंडर वोटर्स की संख्या 68 है।

वोट जरुर करें – जिला निर्वाचन पदाधिकारी

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी राहुल कुमार सिन्हा ने एक बार फिर से रांची वासियों से वोट अपील की। उन्होंने कहा कि इलेक्शन मशीनरी द्वारा लोकतंत्र के पर्व में मतदान के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की गयी हैं, लोकतंत्र को मजबूत बनाने और देश गढ़ने में 25 मई 2024 को अपने बूथ में जाकर अवश्यक मतदान करें। उन्होंने मीडियाकर्मियों से भी लोगों को मतदान के प्रति जागरुक करने की अपील की।

नकद एवं प्रतिबंधित सामग्री की जब्ती

रांची संसदीय क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता प्रभावी होने के बाद 29 अप्रैल 2024 तक कुल 1754.54 लाख मूल्य के प्रतिबंधित वस्तुओं एवं नकद की जब्ती की गयी है। 16 मार्च 2024 से 29 अप्रैल 2024 तक आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के 06, जिला बदर से संबंधित 44 एवं निरुद्धादेश से संबंधित 02 मामले दर्ज किये गये। जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि जिला में 2161 लाइसेंसधारियों से शस्त्र जमा करा लिया गया है, 12 लाइसेंस कैंसिल किये गये हैं, 278 लाइसेंस धारियों को शस्त्र जमा करने से छूट दी गयी है, जबकि चार इंपाउंडेड हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here