रांची: शुक्रवार को झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र पुनः शुरू हुआ। सत्र की कार्यवाही में कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री और दिशोम गुरु शिबू सोरेन को भारत रत्न देने की मांग उठाई। इस दौरान सदन ने दिवंगत शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन को श्रद्धांजलि दी। साथ ही पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मल्लिक, वरिष्ठ पत्रकार हरिनारायण सिंह और उत्तराखंड व जम्मू-कश्मीर में हाल में आई प्राकृतिक आपदाओं में मारे गए लोगों को भी शोकांजलि अर्पित की गई।
सत्र के दौरान झारखंड सरकार ने चालू वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 4,296.62 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया। वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सदन में चालू वित्त वर्ष का पहला अनुपूरक बजट प्रस्तुत किया। इस पर चर्चा 25 अगस्त को होगी।
गौरतलब है कि यह अनुपूरक बजट पहले 4 अगस्त को पेश होना था, लेकिन उसी दिन पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन के कारण सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी। उल्लेखनीय है कि इससे पहले मार्च माह में किशोर ने विधानसभा में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 1.45 लाख करोड़ रुपये का वार्षिक बजट पेश किया था।
शोक प्रस्ताव और श्रद्धांजलि सभा के बाद विधानसभा की कार्यवाही सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।
































