चतरा: जिले के टंडवा स्थित एनटीपीसी फ्लाई एश लोडिंग क्षेत्र में शनिवार रात हथियारबंद अपराधियों ने दो हाईवा ट्रकों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि इस घटना में किसी चालक को गोली नहीं लगी। जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश अपराधी अचानक लोडिंग क्षेत्र में पहुंचे और आते ही ट्रकों पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। फायरिंग का शिकार हुए वाहनों की पहचान हाईवा संख्या JH-02 BT 7256 और JH-02 BT 4797 के रूप में हुई।

पहली हाईवा, जो टंडवा निवासी सूरज कुमार की बताई जा रही है, उसके केबिन में गोली लगी। वहीं दूसरी हाईवा, जो प्रकाश राणा की है, उस पर भी पांच राउंड से अधिक गोलियां चलाई गईं।
घटना के बाद अपराधियों ने मौके पर धमकी भरा पर्चा छोड़ा। पर्चे में लिखा है – “जो भी बिना मैनेजमेंट काम करेगा, उसका यही हश्र होगा।” पर्चे के अंत में राहुल सिंह, अमन साहू गैंग का नाम दर्ज था। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।






























