झारखंड: झारखंड राज्यसभा चुनाव 2026 के परिणाम को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। इस बीच कांग्रेस ने भाजपा और राजद की ओर से कांग्रेस प्रभारी तथा विधायकों पर लगाए जा रहे आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। पार्टी ने इन आरोपों को निराधार, दुर्भाग्यपूर्ण और राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ बताया है।
कांग्रेस ने कहा कि उसके सभी विधायकों ने पूरी एकजुटता, अनुशासन और प्रतिबद्धता के साथ महागठबंधन समर्थित उम्मीदवार के पक्ष में मतदान किया। पार्टी का कहना है कि चुनाव परिणाम अपेक्षा के अनुरूप नहीं आने का मतलब यह नहीं है कि बिना किसी ठोस प्रमाण के कांग्रेस विधायकों की निष्ठा पर सवाल उठाए जाएं।
कांग्रेस ने भाजपा से भी सवाल किया कि यदि एनडीए के पास केवल 24 वोट थे, तो उसे मिले अतिरिक्त छह वोट कहां से आए। पार्टी ने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष समीक्षा की मांग की है। कांग्रेस ने कहा कि महागठबंधन के भीतर आत्ममंथन आवश्यक है और शीर्ष नेतृत्व सहयोगी दलों के संपर्क में रहकर पूरे मामले का बारीकी से विश्लेषण कर रहा है।

































