रांची: रांची के मेन रोड स्थित राज अस्पताल में मरीज की मौत और 22 लाख रुपये का बिल बनाए जाने के मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जांच के आदेश दिए हैं। सोशल मीडिया पर सामने आए मामले का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री को पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जानकारी के अनुसार, लातेहार निवासी 18 वर्षीय राजू कुमार रंजन सड़क दुर्घटना में पैर टूटने के बाद करीब 40 दिन पहले अस्पताल में भर्ती हुए थे । परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान संक्रमण फैलने से उसकी मौत हो गई और अस्पताल ने 22 लाख रुपये का बिल थमा दिया। घटना के बाद अस्पताल में हंगामा हुआ। परिजनों की मांग पर रिम्स में पोस्टमार्टम कराया गया है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

































