झारखंड: रिम्स की अधिग्रहीत जमीन से जुड़े घोटाले के आरोपी प्रमोद कुमार महतो की अग्रिम जमानत याचिका पर एसीबी की विशेष कोर्ट में सुनवाई हुई। मामले में ACB ने केस डायरी पेश किया और जवाब भी दायर किया। पिछली सुनवाई में कोर्ट ने ACB से केस डायरी और जवाब मांगा था।
बता दें कि मामले में 7 अप्रैल को एसीबी ने 4 आरोपी राजकिशोर बड़ाईक, कार्तिक बड़ाईक, राजेश झा और चेतन कुमार को गिरफ्तार किया था। आरोपियों ने मिलीभगत कर रिम्स की अधिग्रहीत जमीन को निजी संपत्ति दिखाने के लिए फर्जी वंशावली तैयार की थी। झारखंड हाईकोर्ट के आदेश के बाद एसीबी ने इस फर्जीवाड़ा मामले में 5 जनवरी 2026 को प्राथमिकी दर्ज की थी।
दरअसल, यह मामला 1964-65 में रिम्स की अधिग्रहीत करीब 9.65 एकड़ जमीन से जुड़ा है। जिसपर अवैध कब्जा कर अपार्टमेंट, दुकान और मकान बना लिया गया था। बाद में, हाईकोर्ट के आदेश के बाद इन अवैध कंस्ट्रक्शन को हटा दिया गया था।
































