नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस महीने के अंत में चीन की यात्रा पर जा सकते हैं। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने सूत्रों के हवाले से जानकारी दी है कि पीएम मोदी 31 अगस्त से चीन दौरे पर होंगे, जहां वे शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की शिखर बैठक में भाग लेंगे। हालांकि भारत सरकार की ओर से इस दौरे की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है, लेकिन सूत्रों के अनुसार यह यात्रा कूटनीतिक रूप से काफी अहम मानी जा रही है। एससीओ समिट में सदस्य देशों के बीच क्षेत्रीय सुरक्षा, आतंकवाद से मुकाबला, आर्थिक सहयोग और सामरिक संबंधों पर चर्चा होगी।

गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों में भारत-चीन संबंधों में कई मुद्दों को लेकर तनाव रहा है। ऐसे में पीएम मोदी की यह यात्रा दोनों देशों के बीच संवाद और सहयोग को पुनः प्रोत्साहित करने का एक प्रयास माना जा रहा है।

एससीओ एक बहुपक्षीय संगठन है जिसमें भारत, चीन, रूस, पाकिस्तान, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान और उज़्बेकिस्तान शामिल हैं। इस संगठन की बैठकें वैश्विक कूटनीति में अहम भूमिका निभाती हैं।

पीएम मोदी की इस यात्रा को लेकर सुरक्षा और विदेश मंत्रालय के स्तर पर तैयारियां जोरों पर हैं। यदि यह दौरा तय होता है तो यह साल 2025 की भारत की सबसे महत्वपूर्ण कूटनीतिक यात्राओं में से एक मानी जाएगी।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here