पहलगाम के बैसरन में मंगलवार को बड़ा आतंकी हमला हुआ, जिसमें 26 लोगों की मौत हो गई। इस हमले में नेवी में लेफ्टिनेंट के पद पर तैनात करनाल के रहने वाले विनय नरवाल की भी हत्या कर दी गई। विनय की शादी हाल ही में हुई थी और वह अपनी पत्नी के साथ हनीमून मनाने के लिए कश्मीर गए थे।
विनय के शव के पास बैठी उनकी नई दुल्हन की तस्वीर इस समय वायरल है। इस तस्वीर में विनय की पत्नी पथराई बैठी है और उनके चेहरे पर दर्द और सदमा साफ देखा जा सकता है। विनय के पिता भी अपने बेटे के शव को लेने के लिए पहलगाम निकले हैं।

*आतंकियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग*
विनय के गांव के लोगों ने कहा कि आतंकियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। देशभर में भी आतंकियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग जोर शोर से उठ रही है। सुरक्षाबलों द्वारा आतंकियों को पकड़ने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

*नौसेना की ओर से शोक जाहिर*
नौसेना की ओर से भी विनय नरवाल की हत्या को लेकर शोक जाहिर किया गया है। भारतीय नौसेना के सभी कार्मिक लेफ्टिनेंट विनय नरवाल की दुखद क्षति से स्तब्ध और दुखी हैं। हम इस अकल्पनीय दुख की घड़ी में उनके परिवार के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं।
*आतंकियों ने पहनी थी नकली वर्दी*
पहलगाम में हमले के वक्त आतंकियों ने नकली वर्दी पहनी हुई थी, इसलिए शुरुआत में किसी भी पर्यटक को उन पर शक नहीं हुआ। लेकिन थोड़ी देर बाद ही, जब उन्होंने हिंदू पर्यटकों की पहचान पूछ कर उन पर फायरिंग शुरू कर दी, तो मौके पर भगदड़ मच गई।

























